रिश्तों पर भारी पड़ी जमीन की भूख,: श्मशान घाट पर चिता के सामने भिड़े दो परिवारों के बेटे

Update: 2026-03-21 15:08 GMT

 झांसी (मऊरानीपुर) | रिश्तों की मर्यादा और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला एक मामला झांसी के मऊरानीपुर से सामने आया है। यहाँ एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार के समय श्मशान घाट पर उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया, जब मृतक की पहली और दूसरी पत्नी के बेटे जमीन के हक के लिए आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस की मौजूदगी में 'लिखित समझौते' के बाद ही बुजुर्ग को मुखाग्नि दी जा सकी।

15 बीघा जमीन के लिए रुकी अंतिम विदाई

मामला बड़ागांव के जगनपुरा गांव का है। 80 वर्षीय बूठे अहिरवार की मौत के बाद उनके दो परिवारों के बीच बरसों से दबा विवाद श्मशान की दहलीज पर फूट पड़ा। मृतक की पहली पत्नी का बेटा संजीव और दूसरी पत्नी का बेटा मुकेश करीब 14-15 बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर अड़ गए। चिता सज चुकी थी, लेकिन संजीव ने साफ कह दिया कि जब तक जमीन का अधिकार स्पष्ट नहीं होता, वह अंतिम संस्कार नहीं होने देगा।

35 साल की सेवा बनाम कानूनी हक की लड़ाई

विवाद के पीछे की कहानी यह है कि मृतक पिछले करीब 35 वर्षों से अपनी दूसरी पत्नी और उनके बेटों के साथ रह रहे थे। दूसरी पत्नी के बेटे मुकेश का तर्क था कि पिता लंबे समय से बीमार थे और उन्होंने ही उनकी सेवा की, इसलिए जमीन पर उनका हक बनता है। वहीं, पहली पत्नी के परिवार का कहना था कि पिता के अलग रहने के कारण जमीन की स्थिति स्पष्ट नहीं थी, इसलिए उन्हें यह कड़ा रुख अपनाना पड़ा।

पुलिस की मौजूदगी में हुआ 'लिखित' फैसला

श्मशान घाट पर तमाशा बढ़ता देख ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और गांव के प्रबुद्ध जनों ने घंटों तक दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। आखिर में कानूनी पेचीदगियों के बीच दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर एक लिखित समझौता कराया गया। कागजों पर हस्ताक्षर होने के बाद ही दोनों बेटों ने मिलकर पिता के शव को कंधा दिया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।

शव के सामने जमीन के लिए हुए इस विवाद को लेकर पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग इसे कलयुग का चरम बता रहे हैं जहाँ संपत्ति के मोह में पुत्र अपने पिता की अंतिम यात्रा को भी बाधित करने से नहीं चूके।

Similar News

करोड़ों के फर्जी इंश्योरेंस क्लेम का मामला -: सात हादसे, सभी एक ही टेंपो से, शाहपुरा थाने में एफआईआर दर्ज

नकली नोटों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़:: 2.38 करोड़ के जाली नोट बरामद, 'चीन कनेक्शन' का खुलासा