कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, डाक से पत्र मिलते ही मचा हड़कंप

Update: 2026-03-25 07:01 GMT

 श्रीगंगानगर। राजस्थान के न्यायालयों को निशाना बनाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में श्रीगंगानगर के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। बुधवार को डाक के जरिए एक अज्ञात पत्र मिलने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया, जिसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर से बम निरोधक दस्ता (BDDS) बुलवाया गया। एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया। पुलिस के आला अधिकारियों की मौजूदगी में डॉग स्क्वाड और बम निरोधक टीम ने सी और डी ब्लॉक, न्यायिक अधिकारियों के कक्ष और चैंबर्स सहित चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली। कई घंटों के सर्च ऑपरेशन के बाद जब कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, तब सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली और कोर्ट में कामकाज सुचारू हो सका।

कोलकाता के पते से आया पत्र, जांच में जुटी एजेंसियां

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा पत्र कोलकाता के एक फर्जी पते से भेजा गया था। पुलिस की साइबर सेल और पोस्टल विभाग अब इस पत्र के स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह किसी की शरारत है या किसी गहरी साजिश का हिस्सा। गौरतलब है कि महज 15 दिन पहले 10 मार्च को श्रीगंगानगर के पासपोर्ट कार्यालय को भी ई-मेल के जरिए ऐसी ही धमकी मिली थी। राजस्थान में पिछले एक महीने के भीतर हाईकोर्ट सहित कई जिला अदालतों को निशाना बनाने की धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Similar News