दहला देने वाली वारदात-: सुसाइड से पहले पंजाबी गाने पर बनाया 'मौत का वीडियो', फिर फंदे से झूल गया इकलौता बेटा!

Update: 2026-03-24 14:36 GMT

 भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल। जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र के उदलियास माफी गांव से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक 27 वर्षीय युवक ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने से ठीक पहले मौत का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया और फिर फंदे से झूल गया। यह युवक न केवल दो मासूम बच्चों का पिता था, बल्कि अपनी बूढ़ी मां का इकलौता चिराग भी था।

खौफनाक मंजर-बाहर मां साफ कर रही थी गेहूं, अंदर बेटा बुन रहा था मौत का जाल

घटना मंगलवार सुबह की है। नारायण (27) पुत्र देवा सैन अपने कमरे में अकेला था। कमरे के ठीक बाहर उसकी बुजुर्ग मां अनभिज्ञ होकर गेहूं साफ कर रही थी, उसे जरा भी इल्म नहीं था कि उसका लाडला अंदर मौत को गले लगाने की तैयारी कर रहा है। नारायण ने मोबाइल निकाला, एक पंजाबी गाना बैकग्राउंड में चलाया और फंदा गले में डालते हुए वीडियो बनाकर अपने दोस्तों के व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया।

दोस्त ने देखा वीडियो, पर तब तक हो चुकी थी देर

भीलवाड़ा में रहने वाले उसके मित्र हरीश ने जब ग्रुप में यह आत्मघाती वीडियो देखा, तो उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीण भागते हुए नारायण के घर पहुंचे, जहां मां बाहर बैठी मिली। जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो अंदर का मंजर देख सबकी चीख निकल गई—नारायण कड़े से रस्सी के फंदे पर झूल रहा था। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दो मासूमों के सिर से उठा साया, बूढ़ी मां का सहारा छिना

नारायण अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता का पहले ही देहांत हो चुका है और उसकी मां मानसिक रूप से कमजोर है। नारायण के दो छोटे बच्चे (7-8 साल) हैं, जो अपनी मां के साथ ननिहाल गए हुए थे। नशे की लत और पत्नी से झगड़े के कारण घर में उपजे कलह ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। अब उन मासूम बच्चों के सिर पर न पिता का हाथ रहा और न ही उस बेबस मां के पास बुढ़ापे की लाठी बची।

नशे और सोशल मीडिया की सनक !

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नारायण शराब के नशे का आदि था। नशे की हालत में किए गए झगड़े ने पत्नी को घर छोडऩे पर मजबूर किया । माना जा रहा है कि उसी अवसाद या नशे के झोंके में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पायेगी। सवाल यह उठता है कि सोशल मीडिया पर 'वीडियो' बनाने की यह कैसी सनक है जो इंसान को मौत के मुहाने पर भी रील बनाने पर मजबूर कर रही है? पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

Similar News