पत्नी और दोस्त के अवैध संबंधों से नाराज पति ने डिनर के बाद दोनों को उतारा मौत के घाट

Update: 2026-03-24 11:22 GMT

 गाजियाबाद (यूपी) | दिल्ली से सटे गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी और अपने ही जिगरी दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पति दोनों के बीच चल रहे अवैध संबंधों से बेहद नाराज था और इसी खुन्नस में उसने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।

दोस्ती की आड़ में पनपा अवैध संबंध

पुलिस के अनुसार, आरोपी राशिद पेशे से शटरिंग का काम करता है। उसकी 32 वर्षीय फहीम से पुरानी और गहरी दोस्ती थी। फहीम का राशिद के घर आना-जाना लगा रहता था और दोनों परिवारों की तरह रहते थे। इसी दौरान फहीम और राशिद की पत्नी के बीच प्रेम संबंध बन गए। जब राशिद को इस बात की भनक लगी, तो घर में कलह शुरू हो गई। राशिद ने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की और रिश्ता खत्म करने को कहा, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे।

डिनर पर बुलाया और फिर दाग दी गोलियां

वारदात वाले दिन सोमवार को राशिद ने सोची-समझी साजिश के तहत अपने दोस्त फहीम को घर पर डिनर के लिए बुलाया। तीनों ने साथ बैठकर खाना खाया, लेकिन खाने के बाद फिर से उसी विवादित रिश्ते को लेकर बहस छिड़ गई। बात इतनी बढ़ गई कि तैश में आकर राशिद ने तमंचा निकाला और अपनी पत्नी व दोस्त फहीम को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

बेटे ने देखा खौफनाक मंजर

गोली चलने की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रहा राशिद का बेटा दौड़कर वहां पहुंचा। कमरे का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए; फर्श पर उसकी मां और फहीम खून से लथपथ पड़े थे। बेटे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस कर रही है तलाश 

पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस आरोपी राशिद की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Similar News