मांडल में टला बड़ा हादसा, गैस भरवाते समय वैन में लगी भीषण आग

Update: 2026-03-24 10:50 GMT

मांडल (सोन‍िया सागर)। जिले के मांडल क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अजमेर-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे पर भदाली खेड़ा के पास स्थित एलपीजी गैस पंप पर एक इक्को वैन में गैस भरवाते समय शॉर्ट सर्किट से अचानक आग भड़क उठी। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर तुरंत काबू पा लिया, जिससे एक भयावह विस्पोट होने से बच गया।

घटना के समय पंप से महज 50 मीटर की दूरी पर गैस से भरा एक बड़ा टैंकर खड़ा था। यदि आग विकराल रूप ले लेती, तो यह जयपुर के पास हुए भीषण गैस कांड जैसी तबाही मचा सकती थी। हादसे के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए। सूचना पर मांडल चौराहा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया।

भिनाय के श्रद्धालु लौट रहे थे दर्शन कर

जानकारी के अनुसार, बनेड़ा थाना क्षेत्र के भिनाय गांव के कुछ लोग इक्को वैन में सवार होकर माता जी के दर्शन कर लौट रहे थे। पंप पर गैस भरवाने के दौरान अचानक वैन में शॉर्ट सर्किट हुआ और लपटें उठने लगीं। ग्रामीणों और राहगीरों के सहयोग से समय रहते आग बुझा ली गई।

आबादी क्षेत्र से पंप हटाने की मांग

स्थानीय ग्रामीण भंवर लाल भड़ाना ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि रिहायशी इलाके में इस तरह का गैस पंप होना जानलेवा है। उन्होंने मांग की है कि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोकने के लिए इस पंप को तत्काल आबादी क्षेत्र से दूर स्थानांतरित किया जाए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tags:    

Similar News