दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी: बजट सत्र के दौरान मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

Update: 2026-03-24 06:48 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। इस धमकी में विधानसभा परिसर के साथ-साथ पास के मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने पूरे इलाके को घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान चलाया।

सुबह दो बार आए धमकी भरे मेल

जानकारी के अनुसार, पहला धमकी भरा ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा के आधिकारिक मेल आईडी पर प्राप्त हुआ। इसके ठीक 21 मिनट बाद, सुबह 7:49 बजे स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के निजी ईमेल पर भी इसी तरह की धमकी मिली। इन ईमेल्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, एलजी तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा समेत कई प्रमुख नामों का जिक्र किया गया था।

सुरक्षा घेरे में विधानसभा, कार्यवाही स्थगित

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा की कार्यवाही को एहतियातन सुबह 11:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने चप्पे-चप्पे की जांच की, हालांकि जांच के दौरान अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के मेट्रो स्टेशनों पर भी चेकिंग बढ़ा दी है और पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

बजट पेश करने पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

धमकी के साये के बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विधानसभा पहुंच चुकी हैं। आज दिल्ली सरकार का वर्ष 2026 का बजट पेश होना है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा परिसर को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने सदन में बजट पेश करना शुरू कर दिया है। पुलिस अब उन ईमेल्स के आईपी एड्रेस और भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है।

Tags:    

Similar News