शादी की खुशियां मातम में बदली: इकलौते बेटे के विवाह से पहले सड़क हादसे में माँ की मौत
डूंगरपुर । साबला क्षेत्र के बोडीगामा छोटा गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ बेटे की शादी की तैयारियों के बीच हुए सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को उजाड़ दिया। अपने इकलौते बेटे के सिर पर सेहरा सजाने का सपना संजोए पैतृक गांव लौट रहे माता-पिता दुर्घटना का शिकार हो गए, जिसमें माँ की मौके पर ही मौत हो गई।
इंदौर से गांव लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बोडीगामा छोटा निवासी मनोहर पंड्या अपनी पत्नी नीता पंड्या के साथ वर्तमान में इंदौर में रह रहे थे। उनके इकलौते पुत्र यश उर्फ भावेश पंड्या का विवाह आगामी 24 अप्रैल को होना तय था। शादी के कार्ड बांटने और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए दंपति कार से इंदौर से अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुए थे। इंदौर से करीब 30 किलोमीटर दूर ही उनकी कार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई।
पिता अस्पताल में भर्ती, बेटे पर टूटा दुखों का पहाड़
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नीता पंड्या ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मनोहर पंड्या गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहाँ उनका उपचार जारी है। शुक्रवार को जब नीता पंड्या का पार्थिव देह गांव पहुँचा तो कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद मंगल गीत गूंजने वाले थे, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है। होने वाला दूल्हा अपनी मां के आकस्मिक निधन से गहरे सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।