आईएएस टीना डाबी ने संभाला टोंक जिला कलेक्टर का कार्यभार, आमजन को राहत देना बताया पहली प्राथमिकता
टोंक । टोंक जिले को नई जिला कलेक्टर मिल गई हैं। चर्चित आईएएस अधिकारी टीना डाबी ने टोंक कलेक्ट्रेट पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन शोकरिया और निवाई एसडीएम पूजा मीणा ने उनकी अगवानी की।
मुख्यमंत्री संपर्क पोर्टल और फ्लैगशिप योजनाओं पर रहेगा फोकस
कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए जिला कलेक्टर टीना डाबी ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। मुख्यमंत्री संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का भौतिक सत्यापन (Physical Verification) कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार की दो दर्जन से अधिक फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।
बाड़मेर में शानदार कार्यकाल के बाद टोंक में नई पारी
उल्लेखनीय है कि 31 मार्च को राजस्थान सरकार द्वारा किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल में 26 जिलों के कलेक्टर बदले गए थे। इसी कड़ी में टीना डाबी का तबादला बाड़मेर से टोंक किया गया है। बाड़मेर में अपने 18 महीने के कार्यकाल के दौरान उन्होंने जल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य किए। उनके नेतृत्व में जल संचय जन भागीदारी कार्यक्रम में बाड़मेर ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। टोंक की वर्तमान कलेक्टर कल्पना अग्रवाल को अब जयपुर में जल ग्रहण विकास विभाग में निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है।