एजीटीएफ की बड़ी कार्रवाई: ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 3 करोड़ की एमडी बरामद
जोधपुर । राजस्थान में नशे के सौदागरों के खिलाफ जारी अभियान के तहत एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने जोधपुर में एक बड़ी सफलता हासिल की है। बनाड़ थाना क्षेत्र में एक मकान की छत पर संचालित अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने करोड़ों की ड्रग्स और भारी मात्रा में रसायन जब्त किया है।
कर्ज चुकाने के लिए घर को बनाया ड्रग्स लैब
एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 40 वर्षीय गणपतराम बेनीवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूलतः बालोतरा का निवासी है और वर्तमान में जोधपुर के शंकर नगर में रह रहा था। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने सिर पर चढ़ा 12 लाख रुपए का कर्ज उतारने के लिए सांचौर के तस्करों आसुराम उर्फ लक्की और भाणु से हाथ मिलाया था। उसने अपने ही निवास ‘बेनीवाल सदन’ की छत को अवैध लैब में तब्दील कर दिया था।
करोड़ों का माल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 3.055 किलोग्राम तैयार एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। इसके अलावा 55 किलो 725 ग्राम खतरनाक रसायन भी जब्त किए गए हैं, जिनसे करीब 60 किलो अतिरिक्त एमडी तैयार करने की योजना थी।
बल्ब की रोशनी में चल रहा था काला खेल
एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि एजीटीएफ के एएसआई राकेश जाखड़ को इस फैक्ट्री के बारे में सटीक गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी ज्ञानचंद यादव और एएसपी नरोत्तम लाल वर्मा के सुपरविजन में विशेष टीम गठित कर दबिश दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी बल्ब की रोशनी में गुपचुप तरीके से इस घातक नशे को तैयार कर पैडलरों तक पहुँचाने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस मुख्य तस्करों की तलाश में जुटी है।