चलती रोडवेज बस से कूदने पर महिला की दर्दनाक मौत, हाईवे पर मचा हड़कंप

Update: 2026-04-04 10:56 GMT

झालावाड़। जिले के रायपुर क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में चलती रोडवेज बस से कूदने के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक महिला का शव सड़क पर पड़ा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

चलती बस से कूदने पर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे भूमाडा तिराहे से आगे हाईवे पर दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि एक महिला का शव सड़क पर पड़ा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला रोडवेज बस में भूमाडा तिराहे से सवार हुई थी और बस चलने के कुछ समय बाद ही अचानक नीचे कूद गई। गिरते ही उसका सिर बस के पिछले पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कंडक्टर ने रोकने की कोशिश की

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला को कूदने से रोकने के लिए कंडक्टर ने प्रयास भी किया, लेकिन वह नहीं मानी और चलती बस से नीचे कूद गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला का चेहरा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

मध्यप्रदेश की रहने वाली थी मृतका

पुलिस ने मृतका की पहचान मांगी बाई पत्नी भंवरलाल गुर्जर निवासी दतियाखेड़ी, थाना सोयत, जिला आगर मालवा (मध्यप्रदेश) के रूप में की है। बताया जा रहा है कि वह बकानी क्षेत्र से अपने ससुराल जा रही थी।

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला ने चलती बस से कूदने जैसा खतरनाक कदम क्यों उठाया।

Similar News

हाइवे पर पुलिस की दबिश:: होटल से अंग्रेजी व देशी मदिरा जब्त, एक गिरफ्तार