जयपुर में पत्नी की हत्या कर शव के पास रातभर बैठा रहा पति

Update: 2026-04-04 11:11 GMT

जयपुर. प्रदेश में बढ़ते घरेलू विवादों के बीच जयपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चाकसू थाना क्षेत्र के स्वामी का बास गांव में पति ने पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और फिर पूरी रात शव के पास बैठा रहा।

पुलिस के अनुसार सांगानेर के श्योपुर निवासी 25 वर्षीय सुनीता की शादी वर्ष 2020 में स्वामी का बास निवासी रामवतार रैगर से हुई थी। शादी के बाद से दोनों परिवार के साथ गांव में ही रह रहे थे। बताया जा रहा है कि पति रामवतार पिछले काफी समय से बेरोजगार था, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

झगड़े के बाद किया खौफनाक कदम

शुक्रवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर रामवतार ने चाकू से पत्नी सुनीता का गला रेत दिया। जान बचाने के लिए सुनीता ने भागने की कोशिश की, जिससे कमरे की दीवारों और फर्श पर खून फैल गया।

खुद पर भी किया हमला, रातभर बैठा रहा पास

पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने खुद के गले पर भी चाकू से वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। घायल हालत में वह पूरी रात पत्नी के शव के पास बैठा रहा। सुबह करीब 6 बजे परिजन जागे तो गेट के पास सुनीता का शव पड़ा मिला और पास में रामवतार घायल अवस्था में बैठा था।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

सूचना पर पहुंची चाकसू थाना पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घायल आरोपी को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया है।

दहेज प्रताड़ना का भी आरोप

मृतका के भाई मुकेश ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Similar News

हाइवे पर पुलिस की दबिश:: होटल से अंग्रेजी व देशी मदिरा जब्त, एक गिरफ्तार