भीलवाड़ा : रसोई घर में 'आग का तांडव': सिलेंडर बना आग का गोला, पंडेर पुलिस की जांबाजी से टला भीषण हादसा
भीलवाड़ा BHN. रविवार की दोपहर जिले के पंडेर कस्बे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर की रसोई में अचानक भीषण आग भभक उठी। गैस सिलेंडर से निकलती आग की ऊंची लपटों ने ऐसा खौफ पैदा किया कि देखते ही देखते पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग घरों से बाहर निकल आए, क्योंकि आँखों के सामने सिलेंडर किसी भी वक्त तबाही मचा सकता था।
चूल्हा जलाते ही भभकी लपटें, जान बचाकर भागा परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, गणपत कुम्हार की पत्नी जैसे ही खाना बनाने के लिए रसोई में दाखिल हुईं, वैसे ही रेगुलेटर लूज होने के कारण रिस रही गैस ने आग पकड़ ली। पलक झपकते सिलेंडर आग के घेरे में आ गया। मंजर इतना भयानक था कि परिवार के सदस्य अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। आसपास के घरों में भी अफरा-तफरी मच गई और लोग अनहोनी की आशंका से कांप उठे।
पुलिस का 'सुपर एक्शन': मौत के साए में बुझाई आग
सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल मांगीलाल जाट अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात नाजुक थे, सिलेंडर आग उगल रहा था। लेकिन पुलिस जाब्ते ने हार नहीं मानी। अग्निशमन यंत्रों और गीले कपड़ों को हथियार बनाकर पुलिसकर्मियों ने उस 'आग के गोले' पर धावा बोल दिया। आधे घंटे की जानलेवा मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया गया। पुलिस की इस मुस्तैदी ने एक बड़े धमाके और तबाही को होने से पहले ही रोक दिया।
बाल-बाल बची जान, मची रही चीख-पुकार
गनीमत रही कि इस खौफनाक मंजर में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस का कहना है कि इस घटना में किसी तरह की जनधन की हानि नहीं हुई है।