भीलवाड़ा में वसूली का मामला:: खनन व्यापारियों की सूची बनाकर मीटिंग में बुलाया, धमकाकर दो दर्जन व्यापारियों से की वसूली

Update: 2026-04-05 15:08 GMT

भीलवाड़ा (हलचल)। जिले के कोटड़ी और पारोली थाना क्षेत्र में गारनेट कारोबारियों के बीच खौफ का पर्याय बनी 'वसूली गैंग' का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस की गिरफ्त में आए चार आरोपियो ने पूछताछ में जो खुलासे किए हैं, वे रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं। यह महज एक छोटा सा अपराध नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हफ्ता वसूली का बड़ा सिंडिकेट है।

पहले बनाई 'हिट लिस्ट', फिर मीटिंग में धमकाया

जांच में सामने आया है कि इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड अजय पांचाल है। अजय ने वसूली को अंजाम देने के लिए बाकायदा एक कॉर्पोरेट स्टाइल में प्लानिंग की।

लिस्ट तैयार की: सबसे पहले क्षेत्र के 30 गारनेट व्यापारियों की एक सूची बनाई गई।

सरेआम मीटिंग: इन व्यापारियों को कोटड़ी क्षेत्र के सरसेडी चौराहे पर इकट्ठा होने का फरमान सुनाया गया।

बनाया दबाव: भरी मीटिंग में व्यापारियों पर अवैध वसूली के लिए जबरदस्त दबाव बनाया गया और पैसे न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।

25 से ज्यादा व्यापारियों को फांसा

इस गैंग की दहशत का आलम यह था कि खौफ के मारे करीब 25 से 26 व्यापारियों ने तुरंत घुटने टेक दिए और आरोपियों की रुपयों की मांग पूरी कर दी। हालांकि, कुछ जांबाज व्यापारियों ने झुकने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस तक मामला पहुंचा।

गैंग के चेहरे: मास्टरमाइंड और सहयोगी

पुलिस ने खनन जगत में 'काल' बन चुकी इस गैंग के चार मुख्य मोहरों को दबोचा है। इनमें अजय पांचाल: वसूली का मुख्य सूत्रधार और मास्टरमाइंड है। इसके साथ गैंग में नंद सिंह उर्फ पिंटू सिंह, कालू गुर्जर और नारायण गुर्जर शामिल है।

थाना प्रभारी कन्हैया लाल का कड़ा रुख: "पुलिस ने इन अपराधियों को दबोच लिया है। अब उन व्यापारियों से भी पूछताछ की जाएगी जिन्होंने डर के मारे इन्हें पैसे दिए। सोमवार को कोर्ट में पेश कर इनका रिमांड लिया जाएगा और इनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।"

पुलिस की रडार पर पूरा नेटवर्क

जांच अधिकारी फिलहाल किसी भी पुलिसकर्मी की इस गैंग में संलिप्तता से इनकार किया है, लेकिन जांच की आंच अभी और बढ़ेगी। सोमवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा, जिसके बाद पुलिस रिमांड में इनसे कड़ी पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता चल सके कि इस 'वसूली साम्राज्य' के पीछे और कौन-कौन से बड़े चेहरे छिपे हैं।

Similar News

​भीलवाड़ा : रसोई घर में 'आग का तांडव': सिलेंडर बना आग का गोला, पंडेर पुलिस की जांबाजी से टला भीषण हादसा

आस्था की दहलीज पर थम गई सांसें:: बीमारी से जंग लड़ रही जमना ने माता के दर पर तोड़ा दम