आपसी रंजिश में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, परिवार का इकलौता सहारा था साहिल, भीलवाड़ा और अजमेर में दबिश

Update: 2026-04-09 08:55 GMT

उदयपुर  हलचल। उदयपुर के घंटाघर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सिलावटवाड़ी-बिच्छू घाटी इलाके में आपसी रंजिश के चलते एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। बाइक पर घर लौट रहे युवक को घेरकर हमलावरों ने सीने और कमर में चाकू के ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है।

इकलौता बेटा था साहिल, कैंसर पीड़ित मां का छिना सहारा

पुलिस के अनुसार, अम्बावगढ़ कच्ची बस्ती निवासी साहिल उर्फ सुहानी (26) पुत्र आरिफ अपने साथी जिशान के साथ बाइक से घर लौट रहा था। साहिल अपने परिवार का इकलौता पुत्र था और घर में कमाने वाला अकेला सदस्य था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। साहिल की मां कैंसर से पीड़ित हैं और जवान बेटे की मौत के बाद बेसुध हो गईं।

रंजिश के चलते घात लगाकर किया हमला

जांच में सामने आया कि साहिल का ठोकर चौराहा निवासी नईम के साथ पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते नईम अपने साथियों के साथ सिलावटवाड़ी क्षेत्र में घात लगाकर बैठा था। जैसे ही साहिल वहां पहुंचा, आरोपियों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे एमबी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन

बुधवार सुबह परिजन और रिश्तेदार मुर्दाघर के बाहर एकत्रित हुए और भारी आक्रोश जताया। परिवार की खराब माली हालत का हवाला देते हुए रिश्तेदारों ने सरकार से 25 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी है। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से समझाइश का प्रयास किया।

भीलवाड़ा और अजमेर तक पुलिस दे रही दबिश

थानाधिकारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं और मुख्य आरोपी नईम व उसके साथियों की पहचान कर ली गई है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें भीलवाड़ा, अजमेर और प्रतापगढ़ भेजी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Similar News