नासिक की कंपनी में बड़ा कांड: यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार
पुणे । महाराष्ट्र के नासिक में एक बड़ी कंपनी के भीतर पिछले चार साल से चल रहे काले कारनामों का सनसनीखेज पर्दाफाश हुआ है। कंपनी में महिला कर्मचारियों के यौन उत्पीड़न और पुरुष कर्मचारियों के जबरन धर्मांतरण का घिनौना खेल खेला जा रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 टीम लीडरों को गिरफ्तार किया है, जबकि लापरवाही बरतने वाले एचआर हेड के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
जबरन बीफ खिलाया और नमाज पढ़ने के लिए किया मजबूर
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के भीतर हिंदू कर्मचारियों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी तैसिफ अत्तार, दानिश, शाहरुख शेख और रजा मेमन पर एक हिंदू युवक को जबरन इस्लाम कबूल करवाने का आरोप है। पीड़ित युवक ने शिकायत में बताया कि उसे दफ्तर में नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया गया और जबरन बीफ खिलाया गया। युवक के धर्मांतरण के बाद की तस्वीरें सामने आने से मामला और अधिक गरमा गया है।
यौन उत्पीड़न पर HR हेड की बेशर्मी: यह सब नॉर्मल है'
महिला कर्मचारियों ने टीम लीडरों पर अपनी पोजीशन का फायदा उठाकर शारीरिक और मानसिक शोषण करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। एक पीड़िता ने बताया कि जब उसने पॉश (POSH) नियमों के तहत एचआर हेड से शिकायत की, तो उसे न्याय दिलाने के बजाय यह कहकर चुप करा दिया गया कि ' कल्चर में यह सब सामान्य है, शांत रहो।' पुलिस ने अब इस मामले में एचआर हेड को भी आरोपी बनाया है।
SIT का गठन और 9 FIR दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए नासिक पुलिस ने एसआईटी (SIT) का गठन किया है। अब तक कुल 9 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें से 8 शिकायतें महिलाओं की हैं। इनमें दुष्कर्म, छेड़छाड़ और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। करीब 300 कर्मचारियों वाली इस कंपनी में पुलिस को और भी कई पीड़ितों के होने का अंदेशा है।
बड़ी साजिश की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस धर्मांतरण और शोषण के पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट या सोची-समझी साजिश काम कर रही थी। जांच टीम अन्य महिला कर्मचारियों से भी गोपनीय तरीके से संपर्क कर रही है ताकि उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाकर बयान दर्ज किए जा सकें।
