एसपी ऑफिस के बाहर पिता ने किया आत्मदाह का प्रयास, बेटी की मौत के मामले में न्याय न मिलने पर फूटा दर्द

Update: 2026-04-09 11:09 GMT

अजमेर  हलचल। अजमेर में गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के बाहर एक व्यक्ति ने अपने ऊपर डीजल छिड़क कर आत्मदाह करने की कोशिश की। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत उसे पकड़ लिया और अनहोनी को टाला। इसके बाद व्यक्ति को उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल भेजा गया। घटना दोपहर करीब ढाई बजे की है।

बेटी की आत्महत्या का न्याय न मिलने से था आहत

आत्मघाती कदम उठाने वाले पिता का आरोप है कि उसकी 18 वर्षीय बेटी ने नवंबर 2025 में एक युवक की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। पिता का कहना है कि "जब मैं अपनी बेटी को न्याय नहीं दिला पाया, तो मुझे जीने का कोई अधिकार नहीं है।" पीड़ित ने एसपी से आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जन्मदिन के तीन दिन बाद बेटी ने लगाया था फंदा

पीड़ित पिता के अनुसार, उनकी बेटी आईटीआई कर रही थी। 25 नवंबर 2025 को अपने जन्मदिन के दिन उसने अपनी मां को बताया था कि एक युवक उसे परेशान कर रहा है। परिजनों ने युवक को समझाया भी, लेकिन 28 नवंबर को बेटी ने घर पर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बेटी की मौत के बाद मोबाइल और सिम की कॉल डिटेल खंगाली गई, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

2 साल से ब्लैकमेल कर रहा था आरोपी

पिता ने बताया कि कॉल डिटेल से पता चला कि आरोपी युवक पिछले 2 साल से उनकी बेटी को ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी ने बेटी के अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। सुसाइड से ठीक पहले भी बेटी की आखिरी बार आरोपी युवक से ही बातचीत हुई थी।

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

पीड़ित पिता ने अलवर गेट थाना पुलिस और जिला पुलिस अधीक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे दो बार पहले भी शिकायत दे चुके हैं, लेकिन पुलिस उन्हें केवल थाने के चक्कर लगवा रही है। आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहा है, जिससे आहत होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। पुलिस अब मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है।

Similar News

राजस्थान में शिक्षकों के तबादलों पर बड़ी अपडेट:: सेकंड ग्रेड टीचर्स की सूची जल्द, मंत्री दिलावर ने दिए संकेत