खौफनाक वारदात: मजाक में काटा पिकअप चालक का सिर, आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मारा

Update: 2026-04-09 09:30 GMT

 अररिया । बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां गुरुवार सुबह मामूली विवाद और मजाक ने देखते ही देखते दो मौतों का तांडव रच दिया। एक सत्तू बेचने वाले ने सरेराह एक पिकअप ड्राइवर का सिर कलम कर दिया, जिसके बाद बेकाबू भीड़ ने आरोपी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मजाक से शुरू हुई बहस और फिर सरेआम कत्ल

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे सुभाष चौक के पास मार्केटिंग यार्ड की है। जोगबनी निवासी पिकअप ड्राइवर अली हुसैन (42) ने सत्तू बेचने वाले रवि चौहान (30) से किसी बात पर मजाक किया था। यह मजाक जल्द ही गाली-गलौज और तीखी बहस में बदल गया। इसी दौरान गुस्से से पागल हुए रवि चौहान ने तेज धारदार चाकू से अली हुसैन पर हमला कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। सड़क पर खून से लथपथ सिर और धड़ देखकर मौके पर हड़कंप मच गया।

भीड़ का न्याय: घर से खींचकर आरोपी को उतारा मौत के घाट

वारदात को अंजाम देकर आरोपी रवि पास के एक घर में छिप गया, लेकिन हजारों की संख्या में जुटी गुस्साई भीड़ ने उसे ढूंढ निकाला। उग्र भीड़ ने उसे घर से खींचकर बाहर निकाला और सड़क पर पटक कर लाठियों, रॉड और लातों से तब तक पीटा जब तक कि उसने दम नहीं तोड़ दिया। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ और मौके पर ही आरोपी की लिंचिंग कर दी गई।

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका

 हत्याकांड के बाद फारबिसगंज शहर में तनाव व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में आगजनी और तोड़फोड़ भी की। अररिया एसपी जितेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और गश्त बढ़ा दी गई है।

जांच में जुटी पुलिस

एसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि विवाद की असल जड़ क्या थी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं।

Similar News