अरावली विवाद के बीच सरकार सख्त, 29 दिसंबर से अवैध खनन के खिलाफ संयुक्त अभियान
जयपुर।
अरावली पर्वतमाला को लेकर चल रहे विवाद के बीच राज्य सरकार ने अवैध खनन पर सख्ती का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 29 दिसंबर से अरावली क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने वन, पर्यावरण और खान विभाग की समीक्षा बैठक में अरावली पर्वतमाला से जुड़े जिलों में संयुक्त कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीनों विभाग आपसी समन्वय से अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अरावली पर्वतमाला प्रदेश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है और इसके संरक्षण के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दो टूक कहा कि अरावली के प्राकृतिक स्वरूप के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकार के इस फैसले के बाद अरावली क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों पर कड़ी निगरानी और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर भी अभियान को प्रभावी बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।