108 और 104 एम्बुलेंस सेवाएं रविवार को रात 12 बजे से बंद, कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार का ऐलान
भीलवाड़ा।
भीलवाड़ा सहित पूरे राजस्थान में संचालित 108 और 104 एम्बुलेंस सेवाएं रविवार रात 12 बजे से ठप होने जा रही हैं। नए टेंडर में वेतन कम तय किए जाने और काम के घंटे 8 की बजाय 12 घंटे रखने के विरोध में एम्बुलेंस कर्मचारियों की यूनियन ने सेवाएं बंद करने का निर्णय लिया है।
राजस्थान एम्बुलेंस कर्मचारी यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह के आह्वान पर प्रदेशभर में चक्का जाम और कार्य बहिष्कार किया जाएगा। यूनियन का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग और एनएचएम अधिकारियों से कई बार बातचीत के बावजूद कर्मचारियों की मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया, जिससे कर्मचारियों में गहरा रोष है।
यूनियन की प्रमुख मांगों में टेंडर में वेतन में 30 प्रतिशत बढ़ोतरी और कार्य अवधि को 12 घंटे से घटाकर 8 घंटे करना शामिल है। इसके अलावा हर साल 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि को भी टेंडर की शर्तों में शामिल करने की मांग की गई है। मांगें नहीं माने जाने पर 28 दिसंबर की रात 12 बजे से सेवाएं बंद करने का फैसला लिया गया।
वर्तमान में राजस्थान में कुल 1694 एम्बुलेंस संचालित हो रही हैं, जिनमें 1094 वाहन 108 सेवा और 600 वाहन 104 सेवा के तहत चल रहे हैं। इन सभी एम्बुलेंस का संचालन मॉडर्न इमरजेंसी सर्विसेज लिमिटेड के पास है। यह सेवाएं प्रदेशभर में आमजन को निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
एम्बुलेंस सेवा से करीब तीन हजार कर्मचारी जुड़े हुए हैं, जिनमें ड्राइवर और अन्य सहयोगी कर्मचारी शामिल हैं। फिलहाल इन कर्मचारियों को लगभग 12 हजार 730 रुपए मासिक वेतन दिया जा रहा है। यूनियन का कहना है कि इतने कम वेतन और लंबे कार्य समय में काम करना कर्मचारियों के लिए मुश्किल होता जा रहा है, इसी कारण यह कदम उठाया गया है।
