भीलवाड़ा सहित प्रदेश में निजी बसों का 'चक्का जाम', आधी रात से, थमेंगे 35 हजार बसों के पहिए; PM रैली के लिए भी नहीं मिलेगी बस
जयपुर/भीलवाड़ा (हलचल) | राजस्थान में परिवहन विभाग और निजी बस ऑपरेटरों के बीच टकराव अब आर-पार की जंग में बदल गया है। परिवहन विभाग द्वारा स्लीपर बसों पर की जा रही ताबड़तोड़ कार्रवाई के विरोध में भीलवाड़ा सहित प्रदेशभर के निजी बस संचालकों ने सोमवार रात 12 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल का बिगुल फूंक दिया है। इस हड़ताल से पूरे प्रदेश की परिवहन व्यवस्था चरमराने के आसार हैं, क्योंकि करीब 35 हजार निजी बसों के पहिए पूरी तरह थम जाएंगे।
आरटीओ की 'सख्ती' से भड़के ऑपरेटर, लाखों के चालान और आरसी सस्पेंड
भीलवाड़ा के देवीलाल सुथार ने बताया कि रविवार को जयपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय आपात बैठक में बस ऑपरेटर्स ने सरकार के खिलाफ कड़ा रोष जताया। 'राजस्थान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस ऑपरेटर एसोसिएशन' के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने कहा कि आरटीओ द्वारा द्वेषपूर्ण कार्रवाई की जा रही है। नियमों के नाम पर स्लीपर बसों की आरसी (RC) सस्पेंड की जा रही है और संचालकों पर लाखों रुपये के भारी-भरकम चालान थोपे जा रहे हैं। ऑपरेटर्स का आरोप है कि विभाग की इस 'तानाशाही' के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
15 लाख यात्री अधर में, प्रधानमंत्री की रैली का भी बहिष्कार
इस हड़ताल का सबसे व्यापक असर आम जनता पर पड़ने वाला है। अनुमान है कि प्रदेशभर में रोजाना सफर करने वाले करीब 15 लाख से अधिक यात्री इस चक्का जाम से प्रभावित होंगे। हड़ताल की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ऑपरेटर्स ने अजमेर में प्रस्तावित प्रधानमंत्री की रैली के लिए भी बसें उपलब्ध कराने से साफ इनकार कर दिया है। स्टेट कैरिज, कॉन्ट्रैक्ट कैरिज और लोक परिवहन—सभी श्रेणियों की बसें इस आंदोलन में शामिल हैं।
भीलवाड़ा सहित पूरे प्रदेश में हाहाकार की स्थिति
हड़ताल के चलते भीलवाड़ा से जयपुर, दिल्ली, अहमदाबाद और मुंबई जैसे रूटों पर चलने वाली सैकड़ों स्लीपर और लग्जरी बसें खड़ी हो जाएंगी। यात्रियों को अब पूरी तरह राजस्थान रोडवेज पर निर्भर रहना होगा, जो पहले से ही संसाधनों की कमी से जूझ रही है। बस एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि जब तक परिवहन विभाग अपनी दमनकारी कार्रवाई बंद नहीं करता और उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार नहीं होता, तब तक बसें सड़कों पर नहीं उतरेंगी।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
