तीन महिलाओं की स्वर्ण चेन कटी, भीलवाड़ा में चोर-उचक्के सक्रिय, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं

By :  prem kumar
Update: 2024-08-16 09:43 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। भीलवाड़ा में चोर-उचक्के सक्रिय हैं और आये दिन वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे ही गिरोह ने शुक्रवार को एक महिला यात्री के गले से स्वर्णचेन उड़ा ली। इससे पहले दो वारदातों को धांधोलाई स्कूल के पास प्रवचनस्थल पर अंजाम दिया गया। बढ़ती वारदातों के चलते त्योंहारी सीजन में महिलाओं में दहशत व्याप्त है। वहीं दूसरी और पुलिस अब तक न तो बदमाशों पर निगाह रखने और न ही धरपकड़ के कोई इंतजाम कर पाई है।

मिली जानकारी के अनुसार, भीलवाड़ा रोडवेज बस स्टैंड से सांवरियाजी-जयपुर रोड़वेज बस में कोटड़ी के लिए सवार हुई थी। बस के कोदूकोटा पहुंचने पर सावित्री को उसके गले में पहनी स्वर्णचेन गायब मिली। सावित्री ने बस चालक व परिचालक को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद बस को कोटड़ी थाने ले जाया गया, जहां पुलिस ने प्रत्येक यात्री की तलाशी ली, लेकिन सावित्री की चोरी गई चेन का पता नहीं चल पाया। ऐसे में पुलिस ने बस को गंतव्य के लिए रवाना करवा दिया। वहीं सावित्री को सुभाषनगर थाने जाकर केस दर्ज करवाने के लिए भिजवा दिया। इस दौरान पीडि़त सावित्री का रो-रोकर बुरा हाल था।

उधर, ऐसी ही दो और वारदातें सामने आई है। सुभाषनगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरसी व्यास कॉलोनी निवासी दिनेश पुत्र उमरावसिंह जैन की माता चंद्रकलां जैन महाराजसा के प्रवचन सुनने के लिए धांधोलाई स्कूल के पास स्थित प्रवचन स्थल पर पहुंची, जहां सुबह साढ़े नौ से साढे ग्यारह बजे के बीच चंद्रकलां के गले से किसी ने 12 से 15 ग्राम सोने की चेन उड़ा ली। ऐसी ही एक वारदात प्रवचन सुनने के लिए बेगूं से आई लीला पत्नी सुरेंद्र बोहरा के साथ भी हुई। उसके गले से भी चेन चोरी हो गई। पुलिस का कहना है कि लीला बोहरा सुबह सात बजे बेगूं से रवाना होकर सुबह नौ बजे प्रवचन स्थल पर पहुंची। इसके बाद पौने बारह बजे प्रवचनस्थल से बाहर निकल कर द्वारका कॉलोनी में अपनी बहन पुष्पा के घर गई। यहां से वह बाजार और इसके बाद बेगूं चली गई। वहां जाने के बाद पुष्पा को उसके गले में पहनी चेन गायब होने का पता चला। सुभाषनगर पुलिस ने चेन चोरी के प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी। बता दें कि राखी का त्योंहार नजदीक है और खरीदारी के लिए महिलाओं की बाजारों में चहल-कदमी शुरु हो चुकी है। इन बाजारों के साथ ही विभिन्न आयोजनस्थलों पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं होने से चोर उचक्के अपने हाथ की सफाई दिखाने से बाज नहीं आ रहे हैं। 

Similar News