शहर में गरजा निगम का पीला पंजा, पक्के अतिक्रमण ध्वस्त, टीनशेड और कबीने हटाई
भीलवाड़ा बीएचएन। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान गुरुवार को और ज्यादा आक्रामक रूप में नजर आया। निगम का पीला पंजा हरीसेवा मार्ग और प्रताप टाकिल व आस-पास के इलाक में गरजा और वर्षों से जमे पक्के अतिक्रमणों पर सीधी कार्रवाई करते हुए चबूतरों को ध्वस्त कर दिया गया। दुकानों के बाहर अवैध रूप से लगाए गए टीनशेड और केबिनों को भी मौके पर ही हटवा दिया गया। कार्रवाई से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया और दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निगम सूत्रों के अनुसार हरीसेवा मार्ग पर कई व्यापारियों ने दुकानों के आगे स्थायी और अस्थायी निर्माण कर सार्वजनिक मार्ग को संकरा कर दिया था। पक्के चबूतरे बनाकर सडक़ की जमीन घेर ली गई थी, जिससे आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों के बाद निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए जेसीबी मशीन मौके पर उतारी और एक-एक कर सभी अवैध निर्माणों को तोड़ दिया।
कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर विरोध के स्वर भी उठे, लेकिन निगम दस्ते ने साफ कर दिया कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई और पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।
इसके बाद निगम का दस्ता प्रताप टाकिज के बाहर और आजाद चौक क्षेत्र पहुंचा, जहां फुटपाथ और सडक़ पर फैले अतिक्रमणों को हटाया गया। अस्थायी ढांचे और अन्य कब्जों को हटाकर रास्ता खाली कराया गया। निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा जुर्माना भी लगाया जाएगा।
शहर में लगातार चल रही इस सख्त कार्रवाई से यह साफ संकेत दिया गया है कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को अब किसी भी प्रकार की राहत नहीं मिलेगी।
