मुंबई। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकियों ने बॉलीवुड में सुरक्षा का बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। लंबे समय से गैंग का निशाना सुपरस्टार सलमान खान रहे हैं। हाल ही में उनके घर पर हुई फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी भी इस गैंग ने ली थी।
अब धमकियां सलमान तक ही सीमित नहीं रह गई हैं। उनके जीजा और अभिनेता आयुष शर्मा को ई-मेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस बात की पुष्टि की है और ई-मेल आईडी की पहचान कर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को भी व्हाट्सएप वॉइस नोट के जरिए जान से मारने की धमकी मिली थी। दोनों मामलों के बीच संबंध तलाशने के लिए जांच की जा रही है।
इसके अलावा, फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर 5 राउंड फायरिंग की घटना हुई। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की है और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
मुंबई पुलिस ने कहा कि धमकियों और फायरिंग जैसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और अपराधियों तक पहुंचने की पूरी कोशिश की जा रही है ताकि फिल्म इंडस्ट्री के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
