भूल-भूलैया या वर्दी की शर्म – भीलवाड़ा पुलिसकर्मी पर अभद्र व्यवहार के आरोप, वीडियो वायरल

Update: 2026-02-13 09:37 GMT

 भीलवाड़ा। जिले के फूलिया थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक 12 फरवरी 2026 को शाम लगभग 4.30 बजे राता देह चौराहे पर वह बिना नंबर प्लेट वाली बलेनो कार में कथिततौर पर शराब के नशे में मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने नजदीकी ग्राम बडला और हरिधाम के ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की।

घटना का विवरण

अजमेर जिले के कादेड़ा ग्राम निवासी तपेश क़ीर चाय की दुकान पर बैठे थे। तभी उक्त पुलिसकर्मी ने उनसे बहस शुरू कर दी। जब तपेश ने कहा कि आप जनता के सेवक हैं और आपकी शिकायत एसपी और कंट्रोल रूम में की जाएगी, तो पुलिसकर्मी ने धमकाते हुए कहा, “एसपी क्या, आईजी को शिकायत कर दे।”

ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस पुलिसकर्मी पर अवैध वसूली, अभद्र व्यवहार और अधिकार क्षेत्र से बाहर दखल देने के आरोप लगे हैं। कई बार ग्रामीणों के साथ झूठे मुकदमे और धमकियों की घटनाएं भी सामने आई हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल

इस चौराहे पर हुई बहस और तीखी नोंक-झोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में पुलिसकर्मी का अभद्र व्यवहार स्पष्ट दिख रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोग प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और इस घटना को वर्दी की छवि धूमिल करने वाला बता रहे हैं।

Similar News