‘कुत्ते आतंक’ का खौफनाक हमला, ढाई साल की मासूम को नोचा

Update: 2026-02-14 12:46 GMT

 कोटा के नयापुरा इलाके में आमजन  को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। घर के बाहर खेल रही ढाई साल की मासूम बच्ची पर  कुत्ते ने हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला। मासूम के पैर, हाथ, चेहरे, होंठ और जबड़े पर गहरे जख्म आए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खूंखार कुत्ता बच्ची को मुंह में दबाकर घसीटने की कोशिश कर रहा था। मासूम की दिल दहला देने वाली चीखें सुनकर परिजन और आसपास के लोग दौड़े। लोगों ने डंडों से वार कर किसी तरह बच्ची को छुड़ाया, तब जाकर उसकी जान बच सकी।

घटना के तुरंत बाद परिजन बच्ची को इलाज के लिए एमबीएस अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चेहरे और जबड़े पर गहरे घाव बताते हुए प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता जताई। फिलहाल बच्ची का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है।

स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिजनों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, कई बार शिकायत की गई, लेकिन जिम्मेदारों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कब तक मासूमों की जान यूं ही खतरे में डाली जाती रहेगी।

Similar News