उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के काफिले की गाड़ियां आपस में भिड़ीं, सभी सुरक्षित
झुंझुनूं। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के काफिले में शामिल वाहन शनिवार सुबह आपस में टकरा गए। हादसे में डिप्टी सीएम पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना सुबह करीब 10:45 बजे उदयपुरवाटी घाट क्षेत्र में हुई। उपमुख्यमंत्री गुढ़ा गौड़ स्थित एमजी ग्लोबल स्कूल के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। काफिला जैसे ही घाट क्षेत्र से गुजर रहा था, उसी दौरान भाजपा नेता जेपी खटाना अपनी कार लेकर अचानक काफिले के बीच में आ गए।
बताया जा रहा है कि खटाना अपनी गाड़ी को पास के एक रिसॉर्ट में ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान काफिले में चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी अनियंत्रित होकर उनकी कार से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के अनुसार उस समय डिप्टी सीएम की गाड़ी आगे निकल चुकी थी और पूरी तरह सुरक्षित रही।
टक्कर एस्कॉर्ट वाहन और भाजपा नेता की कार के बीच हुई, जिससे दोनों वाहनों के अगले हिस्से और हेडलाइट्स क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और कोई बड़ा नुकसान भी सामने नहीं आया।
हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से काफिले को कुछ समय के लिए मौके पर ही रोक दिया गया। सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति का जायजा लेकर उपमुख्यमंत्री और अन्य सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित की। इसके बाद काफिला पुनः रवाना हुआ और उपमुख्यमंत्री ने एमजी ग्लोबल स्कूल में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया।
