बदनोर। कस्बे में महा शिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है तथा विभिन्न समितियों द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रशासन और आयोजन समिति ने सुरक्षा, यातायात और पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी तैयारियां कर ली हैं।
महा शिवरात्रि के अवसर पर गुरुवार को हजारों की संख्या में शिव भक्तों की भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा में जिले भर की प्रभात फेरियां भाग लेंगी। श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारों के साथ पूरे कस्बे में भ्रमण करेंगे। विभिन्न स्थानों पर शोभा यात्रा का स्वागत किया जाएगा तथा पुष्प वर्षा की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार बदनोर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम मेवाड़ क्षेत्र का सबसे बड़ा आयोजन माना जाता है। दूर-दराज के गांवों और कस्बों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। शोभा यात्रा में आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और धार्मिक ध्वज यात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। महा शिवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है