उत्तरकाशी में बादल फटने से बड़ी तबाही, मलबे की चपेट में आया श्रमिकों का शिविर; नेपाल के 9 लोग लापता, दो के शव बरामद
उत्तरकाशी। जिले के बड़कोट क्षेत्र में बादल फटने से बड़ी तबाही मची है। सिलाई बैंड के पास श्रमिकों के शिविर पर पहाड़ी से मलबा गिरने से 9 मजदूर लापता हो गए हैं। शिविर में 19 श्रमिक मौजूद थे ये अनुमान है। इस दौरान यहां होटल निर्माण स्थल तबाह हो गया है, जिससे कई मजदूर लापता हो गए। लापता मजदूरों की तलाश में प्रशासन की टीम और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इस दौरान दो मजदूरों के शव मिले हैं। वहीं, सीएम धामी ने भी अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और त्वरित गति से राहत बचाव कार्य करने के निर्देश दिए।समूचे गढ़वाल मंडल में रात भर तेज बारिश हो रही है, चारधाम यात्रा मार्ग भी बाधित हुआ है।
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया है कि तहसील बड़कोट के स्थान सिलाई बैंड के पास अतिवृष्टि/बादल फटने की सूचना है। इस स्थान के लिए एसडीआरेफ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पर हैं। यहां पर 9 मजदूर लापता बताए गए हैं। सर्च अभियान चल रहा है।
सभी नेपाल के निवासी बताए गए हैं।राष्ट्रीय राजमार्ग सिलाई बैंड के के पास दो-तीन स्थानों पर अवरुद्ध भी है, जिसके संबंध में एनएच बड़कोट को अवगत करा दिया गया है। इसके अतिरिक्त स्थान कुथनौर में भी अतिवृष्ट और बादल फटने के कारण स्थानीय ग्रामीणों की कृषि भूमि क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। वर्तमान समय में कुथनौर मे स्थिति सामान्य है, किसी प्रकार की कोई जन व पशु हानि नहीं हुई है।
पाली गाड़ चौकी प्रभारी कांतिराम जोशी ने बताया कि 19 मजदूरों में से 10 मजदूरों को पालीगाड पहुंचाया गया इसके अलावा नौ मजदूर लापता हैं। जिनमें पांच नेपाली मूल, तीन देहरादून और एक उत्तर प्रदेश का है। उनकी तलाश की जा रही है। एसआई विक्रम सिंह ने कहा कि खोजबीन के दौरान लापता दो मजदूरों के शव 18 किमी दूर यमुना नदी तट तिलाड़ी शहीद स्मारक के पास से मिले हैं। पुलिस ने दोनों शवों को नौगांव सीएचसी भेजा है। सात मजदूरों की खोजबीन जारी है। साथी मजदूरों को शिनाख्त के लिए बुलाया गया है
बड़कोट तहसील के सिलाई बैंड के पास बादल फटने से लापता मजदूरों की तलाश को सर्च ऑपरेशन चलाते एसडीआरएफ जवान।
शनिवार रात से बारिश से सिलसिला जारी
जिला मुख्यालय सहित सभी तहसील क्षेत्र में बीते शनिवार रात से बारिश का सिलसिला जारी रही है। बारिश के चलते यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पालीगाड़, कुथनौर, झाझरगाड के पास तथा गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नेताला, बिशनपुर, लालढांग व नालूणा में बाधित हुआ है। वहीं मसूरी में शाम 8 बजे से लगातार मूसलाधार बारिश जारी है।
