पुरी रथ यात्रा भगदड़: 3 की मौत, 10 से ज़्यादा घायल; श्रीगुंडिचा मंदिर के पास हुआ हादसा

Update: 2025-06-29 03:48 GMT

पुरी ओडिशा के पुरी में चल रही वार्षिक भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान आज सुबह  श्रीगुंडिचा मंदिर के रथ के सामने भगदड़ मचने से तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत पुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनका इलाज जारी है।

रथ गंतव्य तक पहुंचे, अब मंदिर प्रवेश की तैयारी

भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ के रथ शनिवार को ही अपने गंतव्य गुंडिचा मंदिर पहुँच गए थे। गुंडिचा मंदिर को देवताओं की 'मौसी' का घर माना जाता है जहाँ वे हर साल जगन्नाथ मंदिर से निकलकर जाते हैं। यह मंदिर 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर से 2.6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। औपचारिक शोभायात्रा के बाद देवताओं को रविवार को मंदिर के अंदर ले जाया जाएगा। इस बीच भगवान जगन्नाथ की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और हर कोई 'जय जगन्नाथ' और 'हरि बोल' के जयकारों के बीच आतुर दिख रहा है।इस अफरा-तफरी में 3 श्रद्धालुओं की जान चली गई. मृतकों की पहचान खुर्दा जिले के प्रेमाकांत महांती (70), प्रभाती दास और बसंती साहू के रूप में हुई है. तीनों सुबह-सुबह रथ के दर्शन के लिए पहुंचे थे लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह यात्रा उनकी अंतिम यात्रा बन जाएगी. यह हादसा दर्शाता है कि कितनी बड़ी संख्या में एकत्रित भीड़ को नियंत्रित करना कितना संवेदनशील और कठिन होता है.

 

इससे पहले शनिवार को रथ यात्रा के दौरान 600 से अधिक श्रद्धालु बीमार पड़े जिनका पुरी के विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया गया। इनमें से कई लोग धक्का-मुक्की के कारण घायल हुए जबकि 200 से अधिक लोग गर्मी और उमस भरे मौसम के कारण बेहोश हो गए।

Similar News