आबकारी विभाग की नाक के नीचे रात 8 के बाद 'मधुशाला': शटर बंद पर खेल चालू, क्यूआर कोड से हो रहा अवैध 'जाम' का इंतजाम
भीलवाड़ा। सरकार और आबकारी विभाग के नियम शराब ठेकेदारों के सामने बौने साबित हो रहे हैं। रात 8 बजते ही जहां नियम के मुताबिक दुकानों के शटर गिर जाने चाहिए, वहीं भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ के कई इलाकों में इसी समय के बाद असली 'कारोबार' शुरू होता है। कागजों में दुकानें बंद हैं, लेकिन हकीकत में शटर के नीचे से लेकर खिड़कियों तक से शराब की नदियां बह रही हैं।
शटर के नीचे से सप्लाई, डिजिटल पेमेंट का सहारा
शहर के स्टेशन रोड, बस स्टैंड, हरि सेवा धर्मशाला के पीछे, प्रतापनगर और कई प्रमुख क्षेत्रों में नजारा किसी फिल्मी सीन जैसा है। दुकान के बाहर ठेके के कारिंदे क्यूआर कोड लेकर तैनात रहते हैं। ग्राहक आता है, मोबाइल से पेमेंट करता है और बिना एक शब्द बोले शटर के नीचे से शराब की बोतल बाहर सरका दी जाती है। कुछ जगहों पर तो शटर में बनी छोटी खिड़कियां या दीवार के सुराख अवैध सप्लाई के मुख्य द्वार बन चुके हैं।
भीतर सज रही महफिलें, बाहर 'शांति' का ढोंग
शिकायतें तो यहां तक हैं कि कई ठेकों के पीछे बने गुप्त कमरों में देर रात तक शराबियों की महफिलें सजती हैं। बाहर से शटर पर ताला लटका कर यह दिखाया जाता है कि दुकान बंद है, लेकिन अंदर पूरी रात लाइटें जलती हैं और अवैध बिक्री के साथ-साथ पिलाने का इंतजाम भी जारी रहता है। हाईवे किनारे स्थित होटलों और ढाबों पर भी देर रात तक बिना किसी खौफ के शराब परोसी जा रही है।
जेब पर डाका: रात के अंधेरे में 'ओवररेट' का खेल
मजबूरी और नशे की लत का फायदा उठाकर ठेकेदार रात के समय तय कीमत से 20 से 50 रुपये तक अतिरिक्त वसूल रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दुकानों के बाहर नशेड़ियों के शोर-शराबे और गाली-गलौज से मोहल्लों का माहौल खराब हो रहा है, लेकिन रसूखदार ठेकेदारों के आगे प्रशासन मौन है।
आबकारी विभाग की 'सुस्ती' पर उठ रहे सवाल
हैरानी की बात यह है कि कई अवैध ठिकाने आबकारी कार्यालयों से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर हैं। अधिकारी गजेंद्र सिंह का रटा-रटाया जवाब है कि "शिकायत मिलने पर कार्रवाई करेंगे", लेकिन जनता पूछ रही है कि क्या विभाग को यह खुला खेल दिखाई नहीं देता? क्या विभाग केवल बड़ी शिकायतों का इंतजार कर रहा है या फिर इस अवैध कारोबार को किसी 'अदृश्य वरदहस्त' का संरक्षण प्राप्त है?
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
