वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना में पर्यटकों से भरा स्टीमर पलटा, पंजाब के 9 श्रद्धालुओं की मौत
मथुरा/वृंदावन। कान्हा की नगरी वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहाँ केसी घाट के पास यमुना नदी में 30 पर्यटकों से सवार एक स्टीमर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में 9 पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई, जिनमें 6 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मौतों की पुष्टि की है।
तेज हवा और पीपा पुल से टकराना बना काल
हादसा दोपहर करीब 2:45 बजे श्रीबांके बिहारी मंदिर से लगभग ढाई किलोमीटर दूर केसी घाट पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शी पर्यटक मनोहर लाल ने बताया कि वे सभी लुधियाना के जगराओं से घूमने आए थे। नदी के बीच में अचानक तेज हवाएं चलने लगीं जिससे स्टीमर डगमगाने लगा। रफ्तार अधिक होने के कारण स्टीमर सीधे पीपा पुल से जा टकराया और पलट गया। स्काईमेट के अनुसार, हादसे के वक्त वृंदावन में 31 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 15 सुरक्षित निकाले गए
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF, NDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुँच गईं। प्रशासन के साथ-साथ 50 स्थानीय गोताखोर भी बचाव कार्य में जुटे हैं। स्थानीय गोताखोर गुलाब के अनुसार, अब तक करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। नदी में अभी भी तलाश जारी है ताकि अन्य लापता लोगों का पता लगाया जा सके।