विद्यार्थियों को पढाई के साथ परम्परागत विद्याओं का ज्ञान देगा शिक्षा विभाग

Update: 2024-09-27 09:56 GMT

भीलवाड़ा। शिक्षा विभाग छात्रों को परम्परागत विद्याओं का ज्ञान देगा। जिले के चयनित विद्यालयों के छात्रों को स्वच्छ विद्यालय-स्वस्थ विद्यालय में जीवन कौशल के तहत आधारभूत जानकारी दी जाएगी। शनिवार को सातवां व आठवां कालांश में कपड़ों एवं मिट्टी के बर्तन बनाने की जानकारी दी जाएगी। कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन में पहला जिला है जहां छात्रों को ऐसी जानकारी दी जाएगी। इसमें सफलता मिलने पर प्रदेश भर में योजना लागू करने के प्रस्ताव शिक्षा निदेशालय को भेजा जाएगा।

यह कार्यक्रम भीलवाड़ा, शाहपुरा, बदनोर क्षेत्र के चयनित विद्यालयों में होगा। इसमें विद्यालय के शिक्षकों या शाला दर्पण पर प्रविष्ट वॉलन्टियर्स के माध्यम से छात्रों को जानकारी दी जाएगी। इसमें विभिन्न प्रकार के कपड़ों एवं मिट्टी के बर्तन बनाना सिखाया जाएगा। कपड़ों की बेसिक सिलाई, बटन टैगिंग, हैंकी मेकिंग, साड़ी फॉल मेजरमेंट और रफू वर्क तथा मिट्टी के गणेशजी, दीया, बर्तन एवं पुतला निर्माण की सामान्य जानकारी विद्यार्थियों को दी जाएगी। पहले शनिवार को खुशियों का पिटारा, दूसरे शनिवार को हार्ट अटैक, बिजली का करंट, बिजली से जलना, पानी में डूबने, साफ के काटने आदि की जानकारी दी गई। तीसरे शनिवार को विद्यार्थियों को सीलबंद भोजन सामग्री के प्रभाव, सामग्री के निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि, भारतीय मानक ब्यूरो आदि की जानकारी दी थी। अब चौथे शनिवार को कपड़ों एवं मिट्टी के बर्तन बनाना सिखाया जाएगा।

पहले चल रहा था अभियान

देश में पहले से स्वच्छ भारत स्वच्छ विद्यालय राष्ट्रीय अभियान है। इसका मकसद स्कूलों में स्वच्छता और स्वस्थ वातावरण बनाना है। स्कूलों में स्वच्छता से जुड़ी सुविधाएं और गतिविधियां की जाती हैं। स्कूल में पीने के पानी, हाथ धोने की, शौचालय की, और साबुन की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती है। स्वच्छता से जुड़े व्यवहारों को बढ़ावा मिल रहा है। स्कूलों में नामांकन बढने के साथ, विद्यार्थियों के ठहराव व स्कूलों का सौंदर्यीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है।

जीवन कौशल पर दे रहे छात्रों को जानकारी

जिला कलक्टर के निर्देशन में जिले के छात्रों को स्वच्छ विद्यालय-स्वस्थ विद्यालय में जीवन कौशल के बारे में जानकारी दी जा रही है। यह नवाचार केवल भीलवाड़ा व शाहपुरा जिले में किया जा रहा है। इससे छात्रों को बैसिक जानकारी मिल सकेगी।

Similar News