लैब टू लेण्ड के मन्त्र को साकार कर रहा है विकसित कृषि संकल्प अभियान-डॉ. यादव

Update: 2025-06-07 12:26 GMT
लैब टू लेण्ड के मन्त्र को साकार कर रहा है विकसित कृषि संकल्प अभियान-डॉ. यादव
  • whatsapp icon

भीलवाड़ा। कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि विभाग, उद्यान विभाग एवं इफको भीलवाड़ा के संयुक्त तत्त्वावधान में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अन्तर्गत माण्ड़लगढ़ पंचायत समिति के गाँव मोटरों का खेड़ा, सराणा एवं जोजवा में कृषक वैज्ञानिक संवाद संगोष्ठी का आयोजन किया गया। केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सी. एम. यादव ने बताया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान भारत सरकार द्वारा प्रायोजित एक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है जो लैब टू लेण्ड के मन्त्र को साकार कर रहा है।

डॉ. यादव ने केन्द्र द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूक होकर अधिक से अधिक लाभ लेने की आवश्यकता जताई। साथ ही वैज्ञानिक विधि से पशुपालन, समन्वित कृषि प्रणाली, दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों का मूल्य संवर्धन, बकरियों की प्रमुख नस्लें एवं नस्ल सुधार, पशुओं में आवास एवं आहार प्रबन्धन, पशुओं हेतु सन्तुलित आहार तैयार करना, मोटे अनाजों ज्वार, बाजरा, रागी, सांवा, कोदो आदि के उत्पादन एवं दैनिक आहार में शामिल करने पर जोर दिया।

डॉ. यादव ने खरीफ फसलों में कम जल मांग वाली किस्में, प्रमुख रोग एवं रोगोपचार के बारे में तकनीकी जानकारी दी। तकनीकी सहायक अनिता यादव ने मृदा में उपस्थित प्रमुख पोषक तत्त्वों के बारे में बताते हुए मिट्टी की जाँच हेतु नमूना लेने की विधि एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड की सिफारिशों के अनुसार खेती करने का सुझाव दिया। मीव किसान बाजार कृषक उत्पादक संगठन के निदेशक महावीर शर्मा ने संगठन की उपयोगिता एवं प्रक्रिया पर बल देते हुए कृषक उत्पदक संगठन से जुड़कर अधिक लाभ प्राप्त करने की आवश्यकता प्रतिपादित की। इफको के कमलेश भूखर ने नेनो यूरिया एवं डीएपी के बारे में बताया। कार्यक्रम में कृषि पर्यवेक्षक दुर्गाशंकर गोस्वामी, शिवानी कंवर शक्तावत एवं देवेन्द्र कुमार तेली ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। 

Tags:    

Similar News