कृषि विज्ञान केन्द्र गाँधीनगर में हुआ प्रधानमंत्री कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
भीलवाड़ा। कृषि विज्ञान केन्द्र गाँधीनगर, भीलवाड़ा पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसान भाई बहनों को 42000 करोड की कृषि परियोजनाओं का उपहार एवं पीएम धन धान्य कृषि योजना और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का शुभारंभ तथा 2100 से अधिक परियोजनाओं का उद्धाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कृषि विज्ञान केन्द्र गाँधीनगर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री ने पीएम धन धान्य कृषि योजना के तहत् देश के 100 जिलों में कृषि उत्पादन बढ़ाने, किसानों को कर्ज देने, सिंचाई और फसलों में विविधता एवं फसल प्रबन्धन को बेहतर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। माननीय प्रधानमंत्री ने दालों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए 11440 करोड रूपये के दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का भी शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री ने मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने, प्राकृतिक खेती की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए भी परियोजनाओं का शुभारंभ किया। केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सी. एम. यादव ने केन्द्र की गतिविधियों से अवगत करवाते हुए केन्द्र सरकार द्वारा कृषक हितार्थ संचालित परियोजनाओं का लाभ लेकर आर्थिक रूप से समृद्ध बनने हेतु किसानों को प्रेरित किया। मीव किसान बाजार कृषक उत्पादक संगठन के निदेशक महावीर शर्मा ने प्राकृतिक खेती अपनाने एवं कृषक उत्पादक संगठन से जुड़ने की आवश्यकता जताई।
भीलवाड़ा विधायक प्रतिनिधि गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं के बारे में जानकारी दी। समाज सेवी सत्यनारायण गुग्गड ने जन सेवक के रूप में भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी द्वारा किये गये कार्यों का उल्लेख किया एवं आह्वान किया कि किसानों की किसी भी समस्या के समाधान के लिए विधायक कार्यालय आकर बता सकते है। कार्यक्रम में जिले के 465 कृषक एवं कृषक महिलाओं ने भाग लिया साथ ही किसानों ने सोशियल मीडिया के तहत् भी सजीव प्रसारण देखा।