भीलवाड़ा में नया गांधीनगर थाना न्याय साल से, प्रतापनगर थाने का बोझ होगा कम

Update: 2025-12-22 03:37 GMT



भीलवाड़ा शहर में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा बदलाव किया गया है। शहर में नया गांधीनगर थाना बनाया गया है, जिससे शहर की करीब 40 प्रतिशत आबादी अब इसी थाने के अंतर्गत आएगी। अनुमान के अनुसार लगभग 1 लाख 25 हजार लोग नए गांधीनगर थाना क्षेत्र में शामिल होंगे।

नए थाने के गठन से अब तक शहर का सबसे बड़ा थाना माने जाने वाले प्रतापनगर थाने का भार काफी हद तक कम होगा। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में अब तक शहर की करीब आधी आबादी आती थी और दर्ज होने वाले अपराधों का बड़ा हिस्सा भी इसी इलाके से जुड़ा रहता था। आंकड़ों के अनुसार प्रतापनगर थाना क्षेत्र की लगभग 40 प्रतिशत आबादी गांधीनगर इलाके में रहती है और यहां से करीब 50 प्रतिशत अपराध दर्ज होते रहे हैं।

गांधीनगर थाना एक जनवरी से विधिवत कार्य शुरू करेगा। नए साल से इस थाना क्षेत्र में होने वाली सभी घटनाओं की एफआईआर बाबा धाम सामुदायिक भवन में दर्ज की जाएंगी, जहां फिलहाल थाने की शुरुआत की जा रही है। गांधीनगर थाने की पहली सीआई के रूप में इंस्पेक्टर पुष्पा कासोटिया की नियुक्ति की गई है। इससे पहले इंस्पेक्टर सुनील चौधरी की नियुक्ति प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में उनका तबादला भीमगंज थाने में कर दिया गया।

जिला पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार प्रस्तावित गांधीनगर थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में 432, वर्ष 2023 में 424 और वर्ष 2024 में अब तक 312 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। लंबे समय से प्रतापनगर थाने को दो हिस्सों में विभाजित करने की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर लिया गया है।

शहर के पूर्वी हिस्से में पहले से सिटी कोतवाली, सुभाषनगर, भीमगंज और सदर थाना कार्यरत हैं, जबकि पश्चिमी क्षेत्र में अब तक केवल प्रतापनगर और पुर थाना ही थे। गांधीनगर थाना बनने से पश्चिमी क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था संतुलित होगी और अपराध नियंत्रण में तेजी आने की उम्मीद है।

नए गांधीनगर थाना क्षेत्र में गांधीनगर, बसंत विहार, रामनगर, मीरानगर, रघुवंश विहार, बिहारी कॉलोनी, चपरासी कॉलोनी, गायत्रीनगर, मारुति कॉलोनी, जंभेश्वर नगर, पुराना रीको, शारदा एवरग्रीन, रुक्मणि कॉलोनी, सरस्वती कॉलोनी, हरिओम नगर, मालोला, जोधड़ास, श्रीजी विहार, 100 फीट रिंग रोड, 200 फीट रिंग रोड वाटर पार्क, गोकुल विहार और नर्बदा विहार क्षेत्र को शामिल किया गया है।

Similar News