शास्त्री नगर में बड़ा हादसा टला: झुकी दीवार गिरी, स्विफ्ट डिजायर कार क्षतिग्रस्त

Update: 2026-02-13 17:36 GMT

भीलवाड़ा। शास्त्री नगर स्थित कावा खेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कृष्णा फ्लोर मिल्स के पास, जगन्नाथ मंदिर के समीप एक खाली प्लॉट की दीवार पिछले कई दिनों से क्षतिग्रस्त होकर एक ओर झुकी हुई थी। आसपास के लोगों ने कई बार इसकी स्थिति पर चिंता जताई थी।

शुक्रवार देर रात अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। मलबा वहां खड़ी एक स्विफ्ट डिजायर कार पर आ गिरा। ईंट और पत्थर गिरने से कार के शीशे चकनाचूर हो गए और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।

सामाजिक कार्यकर्ता ऋषभ शर्मा ने बताया कि दीवार काफी समय से जर्जर हालत में थी और कभी भी गिर सकती थी। स्थानीय लोगों ने पहले भी जिम्मेदारों को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में ऐसी खतरनाक और झुकी हुई दीवारों का सर्वे कर तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

फिलहाल इस घटना में कोई जनहानि सामने नहीं आई है, लेकिन हादसे ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

Tags:    

Similar News