751 किलो लाल मिर्च का हवन: पंचमुखी मोक्षधाम में मसानिया भैरवनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
भीलवाड़ा। शहर के पंचमुखी मोक्ष धाम स्थित प्राचीन मसानिया भैरवनाथ मंदिर में एक अद्भुत और विरल दृश्य देखने को मिला। यहाँ माँ बगलामुखी को प्रसन्न करने के लिए 751 किलो सूखी लाल मिर्च का विशाल हवन संपन्न किया गया। यह परंपरा पिछले 10 वर्षों से निरंतर चली आ रही है, लेकिन इस वर्ष मिर्च की मात्रा ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
बाधाओं की मुक्ति और सुख-शांति की कामना
मंदिर के युवा अध्यक्ष रवि कुमार सोलंकी ने बताया कि इस हवन का मुख्य उद्देश्य भक्तों के जीवन से बाधाओं को दूर करना और माँ बगलामुखी का आशीर्वाद प्राप्त करना है। धार्मिक मान्यता है कि इस विशेष अनुष्ठान में भाग लेने से परिवार में सुख-समृद्धि और शांति का वास होता है। अक्सर जनमानस के मन में श्मशान (मोक्ष धाम) के प्रति व्याप्त डर और नकारात्मकता को दूर करने के साथ-साथ बुरी शक्तियों व रोगों के निवारण का संदेश भी इस आयोजन के माध्यम से दिया जाता है।
अटूट आस्था: धुएं के बीच डटे रहे श्रद्धालु
मंदिर के पुजारी संतोष कुमार खटीक के अनुसार, यहाँ बाबा काल भैरवनाथ, माँ आदिशक्ति कालका और बाबा गुप्तेश्वर महादेव की साक्षात उपस्थिति मानी जाती है। हवन के दौरान बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएँ और बच्चे उपस्थित थे। तीखी लाल मिर्च के भारी धुएं के बावजूद भक्तों की आस्था डगमगाई नहीं। गौरतलब है कि पिछले वर्ष 551 किलो मिर्च का हवन किया गया था, जिसे इस वर्ष बढ़ाकर 751 किलो किया गया।
समिति द्वारा नि:शुल्क व्यवस्था
यह संपूर्ण आयोजन मंदिर समिति द्वारा पूर्णतः नि:शुल्क किया गया। श्रद्धालुओं के बैठने, पूजन सामग्री और अन्य व्यवस्थाओं का प्रबंधन मंदिर प्रशासन द्वारा ही संभाला गया। भक्तों का अटूट विश्वास है कि इस पावन स्थल पर दर्शन मात्र से ही गृह बाधाएँ और शारीरिक कष्टों से मुक्ति मिल जाती है।