भाजपा केवल दल नहीं, राष्ट्र सेवा का संकल्प: दामोदर अग्रवाल

Update: 2026-04-06 11:00 GMT

राजसमंद। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजसमंद जिला कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल द्वारा ध्वजारोहण के साथ समारोह का आगाज़ हुआ। इस दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद और सुशासन के सिद्धांतों पर आधारित विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की 'अंत्योदय' योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रही हैं। अग्रवाल ने युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने और बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया।

कार्यकर्ता ही संगठन की असली पहचान: महिमा कुमारी मेवाड़

राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि भाजपा का मूल आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर गतिविधियों को बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि अनुशासन और समन्वय ही भाजपा की असली शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुँचाएं।

वरिष्ठों के आशीर्वाद से सशक्त हुआ संगठन: जगदीश पालीवाल

जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता साध्य नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का साधन है। स्थापना दिवस के मौके पर 1977 से पूर्व के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को श्रीफल और इकलाई पहनाकर सम्मानित किया गया।

बैठक का संचालन महामंत्री महेंद्र सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र पुरोहित, मान सिंह बारहठ सहित जिले के सैकड़ों पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और महिला मोर्चा की कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Tags:    

Similar News