नाथद्वारा में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद, जामा मस्जिद में उमड़ा जनसैलाब
नाथद्वारा (हलचल)। धर्म नगरी नाथद्वारा में शनिवार को मुस्लिम समाज द्वारा ईदुल फितर का पर्व पूरे अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। एक माह के पवित्र रमजान मास के रोजे पूर्ण होने के उपरांत समाजजनों ने खुदा की बारगाह में सजदा किया और देश-प्रदेश में अमन-चैन की दुआएं मांगी।
सुबह से ही समाज के लोग नए परिधान पहनकर फौज मोहल्ला स्थित जामा मस्जिद पहुंचने लगे। यहाँ पेश इमाम मोहम्मद अय्यूब ने ईद की विशेष नमाज अदा करवाई। नमाज के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद अकीदतमंदों ने एक साथ हाथ उठाकर मुल्क की खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए प्रार्थना की। नमाज संपन्न होने के बाद मस्जिद के बाहर मेल-मिलाप का दौर चला, जहाँ लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी।
ईद के मौके पर घरों में विशेष रूप से मीठी सेवइयां और पकवान बनाए गए, जिनसे मेहमानों का मुंह मीठा कराया गया। बच्चों में भी ईद को लेकर खासा उत्साह देखा गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। डिप्टी शिप्रा राजावत और सीआई विक्रम सिंह के निर्देशन में पुलिस जाप्ता तैनात रहा, जिससे शांतिपूर्ण तरीके से त्यौहार संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि पिछले एक माह से मुस्लिम समुदाय के लोग कड़ी इबादत और रोजे रख रहे थे, जिसका समापन शनिवार को ईदुल फितर के रूप में हुआ।