निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
नाथद्वारा (राजसमंद)। नाथद्वारा उपखंड के सेमा गांव में बीती रात एक निजी क्लीनिक में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने क्लीनिक संचालक व स्टाफ पर उपचार में घोर लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सेमा निवासी शंकरी बाई (पत्नी कालूराम गमेती) मौसमी बीमारी के चलते गांव में ही संचालित एक निजी क्लीनिक पर दवा लेने गई थी। परिजनों का आरोप है कि गलत दवा देने के कारण उसकी तबीयत अचानक और अधिक बिगड़ गई। स्थिति नाजुक देख क्लीनिक स्टाफ खुद महिला को लेकर नाथद्वारा स्थित इमरजेंसी अस्पताल पहुँचा, लेकिन रास्ते में ही शंकरी बाई ने दम तोड़ दिया।
मुआवजे और अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई की मांग
महिला की मौत की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नाथद्वारा अस्पताल के बाहर जमा हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मांग की है कि मृतका के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और क्षेत्र में बिना अनुमति के चल रहे सभी अवैध क्लीनिकों को तुरंत बंद करवाया जाए।
पुलिस ने दिया उचित कार्रवाई का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही खमनोर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करवाई है। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।