महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल: राजसमंद में खाली सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, मोदी का पुतला फूंका
राजसमंद । बढ़ती महंगाई, रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों के विरोध में आज राजसमंद जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले आयोजित इस उग्र प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्री परिसर के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान अनोखा नजारा देखने को मिला जब कार्यकर्ता अपने कंधों पर खाली गैस सिलेंडर लेकर सड़कों पर उतरे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि से घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग का जीना दूभर हो गया है।
कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर अपना रोष प्रकट किया। इसके पश्चात एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि रसोई गैस और ईंधन की कीमतों में तत्काल कमी की जाए और महंगाई पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। इस अवसर पर जिले भर से आए वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और भारी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।