राजसमंद। जिले के Amet क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। Manakdeh village में एक महिला के साथ दबंगों द्वारा कथित रूप से बर्बर मारपीट और अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार गांव के ही एक दबंग परिवार के लोगों ने महिला के घर में घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने महिला को घसीटते हुए करीब एक किलोमीटर तक ले जाकर लाठी-डंडों से पीटा और उसके कपड़े फाड़कर उसे अपमानित किया। बताया जा रहा है कि महिला को एक पेड़ से बांधकर भी मारपीट की गई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए एक व्यक्ति और महिला की नाबालिग बेटी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। फिलहाल मारपीट किस बात को लेकर हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
पीड़ित महिला ने इस मामले में करीब दस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।