देलवाड़ा के जंगलों में मिला वृद्ध का शव, हत्या का आरोप

Update: 2026-03-09 07:52 GMT

नाथद्वारा, राजसमंद। देलवाड़ा थाना क्षेत्र के नेगड़िया गांव के समीप जंगलों में तीन दिन से लापता एक वृद्ध का शव मिला है। मृतक की पहचान करौली (भाटियों की ढाणी) निवासी हीर सिंह भाटी के रूप में हुई है। परिजनों ने भूमि विवाद के चलते अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है और चार लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करवाया है।

मृतक के बेटे डूंगर सिंह ने बताया कि उनके पिता ने दस वर्ष पूर्व करीब एक बीघा जमीन बेची थी, लेकिन खरीददारों ने धोखे से पूरे खाते की रजिस्ट्री करवा ली। चार माह पूर्व इसका पता चलने पर जब खरीददारों से बात की गई, तो उन्होंने धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। डरे हुए हीर सिंह चार दिन पूर्व ही गांव लौटे थे और तभी से गायब हो गए। परिजनों ने हिम्मत सिंह सहित चार लोगों पर हत्या का अंदेशा जताते हुए नामजद मामला दर्ज करवाया है।

लाल मादड़ी के सरपंच बलवीर सिंह ने बताया कि मृतक की जमीन धोखे से हड़प ली गई थी और उन्हें धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की प्रशासन से मांग की है।

देलवाड़ा थानाधिकारी भंवरलाल ने बताया कि हीर सिंह की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस तलाश कर रही थी। बीती रात शव मिलने पर एफएसएल टीम के साथ मौका मुआयना किया गया। शव को नाथद्वारा मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया है।

Tags:    

Similar News