राजसमंद में जोधपुर के ज्वेलरी व्यापारी का संदिग्ध अवस्था में मिला शव, एक हिरासत में
राजसमंद । जिले के नाथद्वारा थाना क्षेत्र में जोधपुर के एक ज्वेलरी व्यापारी का शव स्थानीय व्यापारी के घर मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक व्यापारी पिछले दो दिनों से बकाया चांदी के लेनदेन के सिलसिले में राजसमंद आए हुए थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
लेनदेन के सिलसिले में थे राजसमंद
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दिनेश टांक निवासी बिलाड़ा (जोधपुर) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि राजसमंद के कुछ ज्वेलर्स पर चांदी बकाया थी, जिसे लेने के लिए वे पिछले दो दिनों से यहां रुके हुए थे। परिजनों का आरोप है कि चांदी के भाव बढ़ने के कारण कुछ व्यापारी बकाया लौटाने में आनाकानी कर रहे थे।
स्थानीय ज्वेलर के घर मिली बॉडी
घटना की सूचना मिलते ही श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव एक स्थानीय ज्वेलर के घर से बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। डीएसपी शिप्रा राजावत ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल यह हत्या है या आत्महत्या, पुलिस दोनों पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को डिटेन किया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस व्यापारी के मोबाइल कॉल डिटेल्स और स्थानीय व्यापारियों के साथ हुए लेनदेन के रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है।