अवैध मांस-शराब की दुकानों के विरोध में रेगर समाज का हल्लाबोल, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Update: 2026-03-19 09:50 GMT

राजसमंद । केलवा पंचायत के रेगर समाज के लोगों ने मोहल्ले में अवैध रूप से संचालित मांस और शराब की दुकानों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इन दुकानों को तुरंत हटाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आम रास्ते पर जमावड़ा, महिलाओं में डर

ग्रामीणों ने बताया कि केलवा चौपाटी से पहले रेगर मोहल्ला बाईपास कट के पास गांव के बाजार में जाने का मुख्य आम रास्ता है। इसी मार्ग पर लंबे समय से अवैध रूप से शराब और मांस की दुकानें चलाई जा रही हैं। यहां दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जो आए दिन हंगामा करते हैं। इस स्थिति के कारण क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों का वहां से गुजरना दूभर हो गया है और ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है।

धमकी और मारपीट का आरोप

ज्ञापन में बताया गया कि जब स्थानीय लोगों ने दुकान संचालकों से दुकानें हटाने का आग्रह किया, तो उन्होंने अपने रसूखात का हवाला देते हुए ग्रामीणों को ही डराया-धमकाया। आक्रोश तब और बढ़ गया जब 18 मार्च को स्थानीय निवासी महेंद्र रेगर के साथ कथित दबंगों ने मारपीट की। इस घटना के बाद पूरे समाज में गहरा रोष है। रेगर समाज ने प्रशासन से चेतावनी भरे लहजे में मांग की है कि इन अवैध दुकानों को जल्द बंद करवाया जाए, अन्यथा ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Tags:    

Similar News