ऑपरेशन त्रिनेत्र:: नाथद्वारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लग्जरी कार से 262 किलो डोडा पोस्त जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
नाथद्वारा परवीन । राजसमंद जिले की नाथद्वारा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक सफेद क्रेटा कार से 262 किलो 400 ग्राम अवैध अफीम डोडा पोस्त बरामद कर चित्तौड़गढ़ जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक हेमन्त कलाल, एएसपी महेन्द्र पारीक और डीएसपी शिप्रा राजावत के निर्देशन में अंजाम दी गई।
फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचा
थानाधिकारी कमलेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 20 मार्च की देर रात एनएच-58 स्थित करजिया घाटी पर नाकेबंदी की थी। इस दौरान एक संदिग्ध सफेद क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 'स्टॉप स्टिक' का इस्तेमाल कर कार के टायर पंचर कर दिए।
टायर फटने के बावजूद तस्कर कार को गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में दौड़ाते रहे। अंततः महाकाली रेस्टोरेंट के पास तस्कर कार छोड़कर भागने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
कार से मिलीं 7 अलग-अलग नंबर प्लेट्स
पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें 17 प्लास्टिक के कट्टों में भरा 262 किलो 400 ग्राम डोडा पोस्त मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस को कार से सात अलग-अलग नंबर प्लेट्स भी बरामद हुईं, जिनका उपयोग तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए करते थे। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
विजयसिंह (25): पुत्र रामसिंह चुंडावत, निवासी चटावटी, थाना राशमी (जिला चित्तौड़गढ़)।
नितेश जाट (23): पुत्र प्रकाश जाट, निवासी मलूकदास की खेडी, थाना डूंगला (जिला चित्तौड़गढ़)।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह खेप कहाँ से लाई गई थी और कहाँ सप्लाई होनी थी।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455।
bhilwarahalchal.com
