रिश्ते तार-तार: 50 लाख के बीमे के लिए भाई का कत्ल, पत्थर से सिर कुचल सड़क किनारे फेंका
राजसमंद | खून के रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ महज 50 लाख रुपए की बीमा राशि हड़पने के लिए दो सगे भाइयों ने मिलकर अपने ही भाई की निर्मम हत्या कर दी। देवगढ़ पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
साजिश: गुजरात से बुलाया और पिलायी शराब
थानाधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, मृतक देवीसिंह रावत गुजरात में रहता था। आरोपियों ने उसे होली पर जमीन की रजिस्ट्री कराने के बहाने गांव बुलाया। 6 मार्च को साजिश के तहत आरोपी भगवानसिंह उसे बाइक पर बैठाकर करमाल चौराहे ले गया, जहाँ उसे जमकर शराब पिलाई गई और उसका मोबाइल फ्लाइट मोड पर डाल दिया गया ताकि कोई लोकेशन ट्रेस न हो सके।
हत्या: पत्थरों से कुचला सिर, एक्सीडेंट का दिया रूप
कामलीघाट क्षेत्र के पास सुनसान जगह पर पहले से मौजूद अन्य आरोपियों के साथ मिलकर देवीसिंह के सिर पर पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इसे दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को चलती बाइक से कुंडेली रोड पर फेंक दिया गया और बाइक भी पास में गिरा दी गई। अगले दिन सगे भाई दुधसिंह ने ही पुलिस में एक्सीडेंट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
खुलासा: एफएसएल और तकनीकी जांच में फंसे आरोपी
शुरुआत में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस को घटनास्थल के निरीक्षण और एफएसएल रिपोर्ट के बाद संदेह हुआ। तकनीकी जांच में मृतक के साथ उसके भाई भगवानसिंह की लोकेशन मिली। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी दुधसिंह उर्फ दिनेशसिंह, भगवानसिंह, सुरेंद्रसिंह और टीकमसिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
