भीलवाड़ा में फर्जी EO के आदेश जारी कर राजस्थान भर के 200 युवाओं से करोड़ों की ठगी
भीलवाड़ा । शहर में नगर निगम में नौकरी दिलाने के नाम पर एक बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। शातिर ठग ने खुद को डीएलबी (स्वायत्त शासन विभाग) और जयपुर नगर निगम का अधिकारी बताकर जालोर, पाली और सिरोही जिले के करीब 200 युवाओं से करोड़ों रुपये हड़प लिए हैं। ठग की हिम्मत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने भीलवाड़ा नगर निगम में फर्जी ईओ (अधिशासी अधिकारी) तक के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए थे।
भीलवाड़ा में रितिक मीणा को बनाया फर्जी EO
मामले का खुलासा तब हुआ जब भूति निवासी रितिक मीणा ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई। रितिक के मुताबिक, आरोपी राकेश जीनगर ने उसे भीलवाड़ा नगर निगम में ईओ बनाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये में डील की थी। रितिक ने 6.62 लाख रुपये ऑनलाइन और 3.38 लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद आरोपी ने nigamgaipur@gmail.com आईडी से एक फर्जी ईमेल भेजकर उसे भीलवाड़ा नगर निगम में ईओ के पद पर नियुक्ति का आदेश दे दिया।
दबाव बनाने पर दिया LDC का फर्जी पत्र
जब रितिक ने ज्वॉइनिंग के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने उसे कनिष्ठ सहायक (LDC) का एक और फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। ठग ने उसे लाल पोल स्थित शहरी आजीविका केंद्र में बिठाकर काम शुरू करने को कहा, ताकि उसे शक न हो। हालांकि, जब रितिक को नगर निगम के असली अधिकारियों से कोई संपर्क नहीं मिला, तो उसे ठगी का अहसास हुआ।
200 युवाओं को बनाया शिकार
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी राकेश पुत्र पुखराज जीनगर, जो मूलत: पाली के तखतगढ़ का रहने वाला है, इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड है। वह फिलहाल जालोर में रतनपुरा रोड पर शंकर वाटिका के पास रहता है। उसने इसी तरह राजस्थान के अलग-अलग जिलों के 200 युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगा है।
इस घटना के बाद भीलवाड़ा नगर निगम प्रशासन ने सभी युवाओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और डीएलबी के माध्यम से होती है। किसी भी व्यक्ति को पैसे देकर नौकरी पाने का झांसा न आएँ।
पुलिस ने आरोपी राकेश जीनगर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
