बजरी डंपर का खौफनाक तांडव: 100 फीट रोड पर रात भर मचा हड़कंप, बिजली खंभे तोड़े, थड़ी जलकर राख
भीलवाड़ा/विजय/पुनीत हलचल। भीलवाड़ा शहर के व्यस्ततम 100 फीट रोड पर बीती रात बजरी माफिया के एक बेकाबू डंपर ने ऐसा खौफनाक तांडव मचाया कि हर कोई सन्न रह गया। तेज गति से दौड़ रहे बजरी से लदे डंपर ने न केवल बिजली के कई खंभों को धराशायी कर दिया, बल्कि एक हाई-मास्क लाइट को भी तोड़ डाला। इस भीषण दुर्घटना के बाद डंपर असंतुलित होकर पलट गया, जिससे चालक घायल हो गयाडंपर पलटने से बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और पास ही स्थित एक चाय की थड़ी में भीषण आग लग गई, जो पल भर में जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बजरी माफिया के इस आतंक ने एक बार फिर प्रशासन की दावों की पोल खोल कर रख दी है।
तेज गति और पुलिस का डर: बना विनाश का कारण
गांधीनगर थाना प्रभारी नेहा राव ने हलचल को बताया कि बीती रात लगभग 10 बजे के आसपास, अहिंसा बंगलो चौराहे के पास, तेज गति से जा रहा बजरी भरा डंपर (RJ 06 JD 1290) बेकाबू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर चालक को अंदेशा हुआ कि पुलिस की गाड़ी आ रही है, जिसके चलते उसने डंपर की गति और बढ़ा दी। तेज गति के कारण चालक डंपर पर नियंत्रण खो बैठा। डंपर ने सबसे पहले सड़क किनारे लगे बिजली के कई खंभों को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खंभे टूट कर गिर गए और हाई-मास्क लाइट भी चकनाचूर हो गई। इसके बाद, बेकाबू डंपर पलट गया, जिससे चालक को चोटें आईं।
अंधेरे में आग का तांडव: चाय की थड़ी जलकर खाक
डंपर पलटने और बिजली के खंभे टूटने से पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। इस दौरान, टूटे हुए तारों में शॉर्ट सर्किट होने से पास ही स्थित एक चाय की थड़ी में आग लग गई। थड़ी में रखे सामान ने आग पकड़ ली और कुछ ही मिनटों में पूरी थड़ी जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गई। थड़ी मालिक ने हलचल को बताया कि उसकी आजीविका का एकमात्र साधन यही थड़ी थी, जो अब पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है।
बाल-बाल बचे लोग: कोई जनहानि नहीं
गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना और आगजनी में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। जिस समय यह घटना हुई, उस समय सड़क पर ज्यादा आवाजाही नहीं थी, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। डंपर चालक को चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बजरी माफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद शहरवासियों में बजरी माफिया के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शहर की व्यस्त सड़कों पर बजरी माफिया के डंपर बेखौफ दौड़ते हैं, जिससे अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से बजरी माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और शहर में ओवरस्पीडिंग पर अंकुश लगाने की मांग की है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
