भीलवाड़ा में तस्करों की वर्ना कार दुर्घटनाग्रस्त-: 101 किलो डोडा-चूरा जब्त, एक गिरफ्तार, चालक फरार

Update: 2026-03-28 15:35 GMT

 भीलवाड़ा (बीएचएन)। पुलिस की नाकाबंदी से बचने के प्रयास में तस्करों की एक और तेज रफ्तार वर्ना कार भीलवाड़ा बाईपास स्थित हाथीभाटा आश्रम के निकट अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के पश्चात चालक अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा, जबकि पुलिस ने उसके एक साथी को दबोच लिया। कार की तलाशी में पुलिस को भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ प्राप्त हुआ है।

पुलिस ने पीछा किया तो अनियंत्रित हुआ वाहन

पुर थाना पुलिस के अनुसार, जिला विशेष दल (डीएसटी) को बीती रात्रि बाईपास पर एक संदिग्ध वाहन की सूचना मिली थी। टीम ने जब कार का पीछा करना शुरू किया, तो तस्करों ने पकड़े जाने के डर से वाहन की गति बढ़ा दी। इसी आपाधापी में हाथीभाटा आश्रम के समीप कार संतुलन खोकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस आयुष श्रोत्रिय दलबल के साथ मौके पर पहुँचे और घेराबंदी की।

छह कट्टों में भरा था 101 किलो नशा

पुलिस ने जब दुर्घटनाग्रस्त वर्ना कार की सघन तलाशी ली, तो उसमें रखे छह प्लास्टिक के कट्टों से कुल 101 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया, जिसकी पहचान हरदेव सिंह (34) पुत्र मानसिंह, निवासी अकबरपुरा क्षेत्र (जिला अलवर) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि फरार होने वाले चालक का नाम विक्की है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और लग्जरी कार को जब्त कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है। पुलिस अब फरार चालक विक्की की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ पहुँचाया जाना था। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में रमेश कांस्टेबल, सूर्यप्रकाश, विक्रम और चालक देवांश शामिल थे। 

Similar News

भीलवाड़ा में काल बनकर दौड़ा ट्रक:: पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत, माँ और पत्नी लहूलुहान

भीलवाड़ा में पुलिस की कार्रवार्र्ईंं-: गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़,ईको कार व 4 सिलेंडर जब्त